अंबिकापुर 07 जनवरी 2026/ जिला कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता मिशन श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में बुधवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से एजेंडेवार चर्चा की।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य कार्यपालन अभियंता ने जिले में उपलब्ध पेयजल स्रोतों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत सरगुजा जिल के 439 ग्राम पंचायतों के 569 गावों में से 81 में नल कनेक्शन का कार्य शतप्रतिशत पूर्ण हो चूका है। जिले में अब तक कुल 130846 घरेलू नल कनेक्शन प्रदाय किए गए हैं। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि शत प्रतिशत घरों तक जल आपूर्ति सुनिश्चित हो, समय सीमा में लक्षित घरों में कनेक्शन प्रदाय किए जाएं। कलेक्टर ने बैठक में निर्धारित मापदण्ड अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी कार्य पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत ने जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत समूह जल प्रदाय योजनाओं की जानकारी ली, जिले में चार समूह जल प्रदाय योजनाएं संचालित है जिसमें 189 ग्राम शामिल है। उन्होंने जल संशोधन संयत्र निर्माण कार्य कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए तथा कहा कि लोगों को सतत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने 21 ग्रामों को आगामी एक माह में शत-प्रतिशत जल प्रदाय पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जनमन योजना के तहत पीवीटीजी बसाहटों में 188 हैंड पंप स्थापना कार्य अगामी मार्च माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 दिन के भीतर नलकूप खनन, टंकी निर्माण, पाईपलाइन निर्माण, समूह जल प्रदाय योजना के ठेकेदारों की बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने कहा कि लोकस्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता संयुक्त टीम पेयजल प्रदाय योजना का कार्य प्रारंभ होने वाले ग्रामों में कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण करें, उसके पश्चात ही सम्बंधित संस्था को भुगतान करें।

कलेक्टर श्री वसंत ने आगामी ग्रीष्म ऋतु में पेयजल संकट को ध्यान में रखते हुए एकल ग्राम पेयजल योजना में सफल सभी नलकूपों में पावर पंप स्थापित एवं टंकी से पेयजल जल प्रदाय का कार्य मार्च 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अमला फिल्ड में जाएं, गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य में तेजी लाएं। कलेक्टर ने क्रेडा में शेष बचे 175 कार्यों के लिए नलकूप खनन का कार्य यथाशीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इस दौरान एजेण्डानुसार जल जीवन मिशन अन्तर्गत किए गए हर घर जल प्रमाणिकरण की जानकारी, स्वीकृत योजनाओं में स्त्रोत निर्माण की स्थिति, वर्ष 2025 तक शत प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति हेतु माइक्रो प्लानिंग पर आधारित प्रगति की जानकारी, स्वीकृत योजनाओं में पानी टँकी निर्माण की जानकारी, एकल ग्राम एवं रेट्रोफिटिंग नलजल प्रदाय योजना के कार्यों की प्रगति, वर्ष 2025-26 हेतु निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध प्रगति की जानकारी, सोलर पंप आधारित जल प्रदाय योजनाओं की जानकारी, समूह जल प्रदाय योजनाओं की पर विस्तृत समीक्षा की गई तथा सहित अन्य विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा कर अनुमोदन की कार्यवाही की गई।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री प्रदीप खलखो, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री अशोक निरंजन, क्रेडा के कार्यपालन अभियंता श्रीमती वंदना राजवाडे, पीएमजीएसवाए विभाग सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।








































































































