राहुल गोयल की शिकायत पर दर्ज था मामला, गुदरी चौक से पुलिस ने सुजीत जायसवाल को किया गिरफ्तार।
अंबिकापुर/21/09/2026/ करीब 2 करोड़ 39 लाख 98 हजार 700 रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले में अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स के संचालक सुजीत जायसवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को 20 सितंबर को गुदरी चौक से गिरफ्तार किया गया और 21 सितंबर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
मामला पुराना बस स्टैंड क्षेत्र निवासी राहुल गोयल की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, कारोबारी लेनदेन के दौरान वर्ष 2021 से 2022 के बीच अलग-अलग फर्मों के जरिए सुजीत जायसवाल को कुल 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपये दिए गए थे।
शिकायत के मुताबिक, कुछ रकम वापस किए जाने के बाद भी बड़ी राशि बकाया रह गई। आरोप है कि बकाया रकम के बदले उत्तर प्रदेश के दुद्धी क्षेत्र में जमीन की रजिस्ट्री और धर्मकांटा लगाने का भरोसा दिया गया था। शिकायतकर्ता ने निर्माण कार्य और धर्मकांटा खरीदने में भी लाखों रुपये खर्च किए जाने का दावा किया है।
आरोप है कि तय समय पर रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।
इस मामले में अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने 12 जून 2026 को अपराध क्रमांक 0398/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस के अनुसार मामले में BNS की धारा 318(4), 316(5), 296 और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों, लेनदेन और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।




































































































