सूरजपुर/08 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर सूरजपुर जिले में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा रजत जयंती चावल उत्सव का आयोजन 2 से 9 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है। यह आयोजन जन-उत्सव के रूप में जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगर पालिका क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से संचालित हो रहा है।

कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन के निर्देशन में सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में कार्यक्रम आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस दौरान शेष राशन कार्डधारियों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने, वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने तथा स्टॉक एवं पंजी अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्सव के अंतर्गत उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसमें उपभोक्ता अधिकारों, उत्पाद खरीदी के समय सावधानियों, अपमिश्रण एवं नकली वस्तुओं से संबंधित जानकारी दी जा रही है। साथ ही हैंडबिल, पोस्टर एवं पैम्पलेट का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है।उत्सव के दौरान ग्राम संबलपुर, लटोरी में गैस कनेक्शन का वितरण किया गया। रजत जयंती चावल उत्सव के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।









































































































