सूरजपुर/24 अप्रैल 2026/ विगत दिवस जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था की वर्तमान वस्तुस्थिति का आकलन करने तथा बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में पेट्रोल पंप संचालकों एवं एलपीजी गैस वितरकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में जिले की ईंधन एवं गैस आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री जयवर्धन ने जिले में पेट्रोल एवं डीजल की आवक तथा बिक्री की वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने पंप संचालकों से ईंधन की मांग, उपलब्धता, आपूर्ति श्रृंखला की निरंतरता एवं उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि जिले के उपभोक्ताओं को सहज, सुगम एवं निर्बाध आपूर्ति प्राप्त होती रहे।
कलेक्टर ने पेट्रोल एवं डीजल पंप संचालकों तथा एलपीजी गैस वितरकों से सकारात्मक चर्चा करते हुए उनकी सुझावों एवं क्षेत्रीय अनुभवों को भी ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संचालकों एवं वितरकों से आग्रह किया कि वे उपभोक्ताओं को उत्पाद समय पर उपलब्ध कराएं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न न होने दें। पेट्रोल एवं डीजल संचालकों को उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बोतल व डिब्बों मे पेट्रोल अथवा डीजल ना दिए जाएं। जिला प्रशासन उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। बैठक के दौरान वितरण व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला प्रशासन द्वारा जिले वासियों से अपील की कि वे एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए ऑनलाइन बुकिंग करें तथा सिलेंडर प्राप्त करते समय ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) के माध्यम से ही उठाव सुनिश्चित करें। ओटीपी आधारित वितरण प्रणाली उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के साथ-साथ वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का एक प्रभावी माध्यम है। इसके साथ ही डीजल, पेट्रोल एवं एलपीजी गैस को लेकर किसी भी प्रकार की अनावश्यक जमाखोरी से बचने तथा अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप ही इन उत्पादों का उपभोग करने की अपील की गई ।
बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने पंप संचालकों एवं गैस वितरकों से समुचित समन्वय बनाए रखने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी श्री संदीप भगत, जिले के समस्त पेट्रोल पंप संचालक, एलपीजी गैस एजेंसी वितरकगण एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा हेतु कलेक्टर ने ली पंप संचालकों एवं गैस वितरकों की बैठक
– आवक, बिक्री एवं वितरण व्यवस्था पर हुई विस्तृत चर्चा
– बेहतर समन्वय एवं प्रबंधन व्यवस्था सुदृढ़ करने पर दिया गया विशेष जोर
– ‘‘हितग्राही एलपीजी गैस की ऑनलाइन बुकिंग करें एवं ओटीपी के माध्यम से ही करें सिलेंडर का उठाव‘‘ – कलेक्टर
– ‘‘अनावश्यक जमाखोरी से बचें, आवश्यकता के अनुरूप ही करें उत्पाद का उपभोग‘‘ – जिला प्रशासन
Mahi singh Rajput
Contact for news Advertisement 8120295352





































































































