सूरजपुर/29 अप्रैल 2026/ न्याय को सरल एवं सुलभ तरीके से घर-घर तक पहुंचाने तथा आपसी सहभागिता एवं सहमति से न्याय की भावना को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से भारत के सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा ‘समाधान समारोह 2026‘ का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से हो चुकी है तथा इसकी परिणति 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के साथ होगी।
सर्वाेच्च न्यायालय परिसर में लगेगी विशेष लोक अदालत:-
विशेष लोक अदालत का आयोजन सर्वाेच्च न्यायालय परिसर में 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को किया जाएगा, जिसमें सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों को शामिल किया जाएगा। इस विशेष लोक अदालत के पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन राज्य/जिला/तालुका/उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकार/समिति स्थित मध्यस्थता केंद्र में किया जा रहा है। इन सुलह वार्ताओं का आयोजन 21 अप्रैल 2026 को समाधान समारोह के आरंभ के साथ ही प्रारंभ हो चुका है।
आपसी सहमति से होगा प्रकरणों का निष्पादन:-
समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) के आयोजन का प्रमुख लक्ष्य सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का सुलह एवं आपसी सहमति से निष्पादन करना है। इस अभिनव पहल से न केवल लंबित प्रकरणों की संख्या में कमी आएगी, बल्कि वादकारियों को भी त्वरित एवं सुलभ न्याय प्राप्त होगा।
अधिवक्ताओं एवं वादकारियों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान:-
सर्वाेच्च न्यायालय द्वारा अधिवक्तागण, वादकारियों तथा अन्य समस्त संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय रूप से भागीदारी का आह्वान किया गया है। सुलह बैठकों का आयोजन राज्य/जिला/तालुका/उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकार/समिति स्थित मध्यस्थता केंद्र में किया जा रहा है, जिसमें प्रशिक्षित मध्यस्थ तथा/अथवा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/समिति के पक्षकारों की सहायता करेंगे। इन सुलह प्रयासों हेतु आयोजित बैठकों/वार्ताओं में पक्षकार सशरीर अथवा आभासी (वर्चुअल) रूप से सम्मिलित हो सकते हैं।
गूगल फॉर्म भरकर शामिल करें- अपना मामला:-
सर्वाेच्च न्यायालय में लंबित मामलों को समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) में शामिल कराने के लिए गूगल फॉर्म तैयार किया गया है। इस फॉर्म को भरना अत्यंत सरल है। फॉर्म भरकर अपने मामले को समाधान समारोह 2026 में शामिल कराया जा सकता है। यह गूगल फॉर्म सर्वाेच्च न्यायालय की वेबसाइट https:\\www.sci.gov.in पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त गूगल फॉर्म का सीधा लिंक – https:\\forms-gle\pRWbif6wAPrcgMsZ8 पर भी उपलब्ध है। गूगल फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है।
सहायता एवं जानकारी हेतु संपर्क सूत्र:-
समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) हेतु बनाए गए वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) की सहायता प्राप्त की जा सकती है। वन स्टॉप सेंटर कक्ष संख्या 806 एवं 808, ए-बी ब्लॉक, अतिरिक्त भवन परिसर, सर्वाेच्च न्यायालय में स्थापित है। इंचार्ज एवं सी.आर.पी. निदेशक के संपर्क नंबर 011-23115652 तथा 011-23116464/65 हैं। लैंडलाइन नंबर 011-23116464 तथा ईमेल आईडी Speciallokadalat2026@sci.nic.in पर भी संपर्क किया जा सकता है। स्थानीय स्तर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर के लैंडलाइन नंबर 07775-299122 पर संपर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
अपील:-
सूरजपुर ने जिले के समस्त अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे माननीय सर्वाेच्च न्यायालय की इस ऐतिहासिक पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने लंबित प्रकरणों को आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से निष्पादित कराने हेतु निर्धारित तिथि से पूर्व गूगल फॉर्म भरकर समाधान समारोह में शामिल हों।




































































































