सूरजपुर/04 फरवरी 2026/ सम्पूर्णता अभियान 2.0 अंतर्गत ’’विश्व कैंसर दिवस’’ के उपलक्ष्य में ब्लॉक के सभी स्वास्थ्य संस्थानों (सीएचसी, पीएचसी एवं एचडब्लूसी) में एकीकृत स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्क्रीनिंग गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान तथा उपचार हेतु समुदाय को जागरूक करना एवं नियमित स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर आमजन को ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर के जोखिम कारक, प्रारंभिक लक्षण तथा जांच की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। आयोजन के अंतर्गत की गई प्रमुख गतिविधियां कैंसर जागरूकता सत्र एवं परामर्श, एएनसी पंजीकरण एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाएं, एनसीडी स्क्रीनिंग (रक्तचाप, रक्त शर्करा, बीएमआई) सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं संदिग्ध मामलों का रेफरल इत्यादि किया गया।
कार्यक्रम के संचालन में चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ, एएनएम, आशा एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। समुदाय की सहभागिता उत्साहजनक रही, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की स्वीकार्यता एवं स्क्रीनिंग कवरेज में वृद्धि हुई। उक्त गतिविधि एबीपी के अंतर्गत निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हुई।







































































































