सूरजपुर/04 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह ने जनपद प्रतापपुर प्रवास के दौरान जिला सूरजपुर के जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चन्दौरा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत किए जा रहे नाला ट्रीटमेंट कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सचिव श्री सिंह ने गोतकत्वा नाला में निर्मित मिट्टी बांध का अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सूरजपुर द्वारा जानकारी दी गई कि उक्त नाले में कुल 344 कार्य स्वीकृत एवं पूर्ण किए जा चुके हैं। ग्रामीणों ने जानकारी दी कि बांध के निर्माण से लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती संभव हो सकी है, जिससे किसानों एवं ग्रामीणों को व्यापक लाभ मिला है तथा भू-जल स्तर में भी वृद्धि हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि वर्तमान में वे वर्ष में तीन फसलें ले रहे हैं, साथ ही सब्जी उत्पादन कर बाजार में विक्रय कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसके अलावा बांध में महिला समूह द्वारा मत्स्य पालन भी किया जा रहा है। बांध के ऊपरी छोर पर जनपद पंचायत के सहयोग से क्रेडा द्वारा किसानों को सोलर पंप उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे सिंचाई सुविधा सुदृढ़ हुई है।
निरीक्षण के दौरान सचिव श्री सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) अंतर्गत गौरी महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम पंचायत सरहारी द्वारा कुटीर उद्योग के माध्यम से बनाए जा रहे कुरकुरे एवं पॉपकॉर्न का भी अवलोकन किया तथा लागत एवं आय की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि इस प्रकार की आजीविका गतिविधियों का विस्तार अन्य क्षेत्रों में भी किया जाए, ताकि ग्रामीणों को स्थायी रोजगार एवं आय के अवसर प्राप्त हों। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीणों, महिलाओं, तथा ब्लॉक एवं जिला स्तर के अधिकारियों को भविष्य में और बेहतर कार्य करने हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सूरजपुर श्री विजेंद्र सिंह पाटले, सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा श्री कृष्ण मोहन पाठक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत प्रतापपुर श्री अनिल तिवारी, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा श्री निर्मल श्याम सिंह, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रधानमंत्री आवास योजना श्री मनोहर पैकरा, बीपीएम एनआरएलएम श्रीमती अलका कुजूर सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








































































































