मंत्री राजेश अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष सिसोदिया ने किया धार्मिक न्यास विभाग द्वारा स्वीकृत जीर्णोद्धार कार्यों का शुभारंभ
अम्बिकापुर/07/अप्रैल/2026/ धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा स्वीकृत गर्दनपाट स्थित देव धाम के जीर्णोद्धार कार्यों का शुभ भूमि पूजन किया गया। इसी क्रम में लुचकी घाट स्थित काली मंदिर परिसर में भी भूमि पूजन संपन्न हुआ एवं 0.676 हेक्टेयर भूमि का वन अधिकार पट्टा काली मंदिर समिति को दिया गया ।
छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया तथा जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया ने अपने कर कमलों द्वारा भूमि पूजन कर कार्यों की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तजन और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
इन अवसरों पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मैंने चुनाव प्रचार की शुरुआत इसी क्षेत्र में गर्दन देवता के दर्शन से की थी। अब जीर्णोद्धार के साथ-साथ अनेक निर्माण कार्य भविष्य में किए जाएंगे। पहले यह विकास हो जाना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने उपेक्षा की। भाजपा की विष्णुदेव सरकार वादा निभाती है, यहां तक कि जो घोषणा नहीं की, वह भी पूरा करती है। लुचकी घाट के काली मंदिर क्षेत्र में कई मंदिरों का जीर्णोद्धार होगा, जो हम सबके लिए गौरव की बात है। इससे लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन अब भाजपा सरकार हर कार्य सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने 0.676 हेक्टेयर भूमि का वन अधिकार पट्टा का कागज काली मंदिर समिति को दे कर सबको बधाई दिया ।
भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने ओजपूर्ण कविता पाठ के साथ उद्बोधन में कहा कि गर्दनपाट देव के आशीर्वाद से यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। कांग्रेस नेताओं की विरोधी इच्छाशक्ति ने विकास को लंबे समय तक ठप कर रखा था। मंत्री जी द्वारा बजट उपलब्ध कराना सराहनीय है। अंबिकापुर को लंबे अंतराल बाद विधायक और मंत्री मिला है। पूर्व विधायकों व मंत्रियों की धार्मिक एवं सामाजिक विकास में उदासीनता के कारण प्रगति अवरुद्ध रही। लुचकी घाट पहले खतरनाक था, अब यहां निरंतर विकास हो रहा है। काली मंदिर परिसर में भव्य निर्माण होंगे। कांग्रेस विधायकों ने मंदिर निर्माण पर कोई प्रयास नहीं किया, लेकिन अब क्षेत्रवासियों के सभी सपने साकार होंगे।
जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया ने मंत्री राजेश अग्रवाल और जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया को गर्दनपाट देव स्थल तथा लुचकी घाट काली मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य स्वीकृत कराने के लिए हृदय से धन्यवाद देते हुए कहा, “यह कार्य क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्थान का प्रतीक है। इन प्रयासों से न केवल आस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय रोजगार और विकास को नई गति मिलेगी। हम सबकी भागीदारी से यह क्षेत्र देशभर में पूजनीय बनेगा।”
आगे उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों में निर्माण और जीर्णोधार किए जा रहे हैं इससे क्षेत्रवासियों में खुशी लहर और नई ऊर्जा का संचार हुआ है।काली मंदिर पंचायत कांतिप्रकाशपुर के नाम पर वन अधिकार पट्टा मिलने उन्होंने खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रूपेश दुबे , अविनाश मंडल , रामकेश्वर राजवाड़े पूर्व मंडल अध्यक्ष जगन्नाथ राजवाड़े , कृष्णा कोरवा , संदीप यादव , कृष्णा सिंह , जागेश्वर , त्रिलोक कुमार सहित बड़ी संख्या में बधियाचुआ , श्रीगढ़ एवं कांतिप्रकाशपुर के कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




































































































