सूरजपुर/29 अप्रैल 2026/ डिजिटलीकरण के इस दौर में श्रमिकों के हित को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण एवं अभिनव पहल की गई है। श्रम विभाग के अधीन संचालित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा विकसित ष्डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथीष् मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ किया गया है। यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो पंजीकृत निर्माणी श्रमिकों एवं नियोक्ताओं/ठेकेदारों को एकीकृत डिजिटल माध्यम से जोड़कर रोजगार उपलब्धता की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाएगा।
श्रमिकों एवं नियोक्ताओं के लिए वरदान साबित होगी ऐप:-
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रमुख उद्देश्य श्रमिकों को उनके कौशल के अनुसार त्वरित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा नियोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपयुक्त श्रमिक उपलब्ध कराना है। अब श्रमिकों को रोजगार के लिए चौक-चौराहों पर भटकने की आवश्यकता नहीं होगी, वहीं नियोक्ताओं को भी कुशल श्रमिकों की तलाश में परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। एक क्लिक पर श्रमिक एवं नियोक्ता दोनों को सुविधा प्राप्त होगी, जिससे समय एवं श्रम दोनों की बचत होगी।
ऐसे करें ऐप डाउनलोड:-
‘‘डिजिटल लेबर चौक ई-श्रम साथी‘‘ मोबाइल एप्लिकेशन को गूगल प्ले स्टोर से निःशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है। एप डाउनलोड करने हेतु लिंक – (:\\play.google.com\store\apps\details\id=com.labourchowk.cg-app)
पर उपलब्ध है। श्रमिक एवं नियोक्ता दोनों ही इस एप का उपयोग कर इसकी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
अधिक जानकारी हेतु संपर्क:-
ऐप से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए श्रमिक एवं नियोक्ता श्रम पदाधिकारी कार्यालय, सूरजपुर में संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने जिले के समस्त पंजीकृत निर्माणी श्रमिकों एवं नियोक्ताओं/ठेकेदारों से अपील की है कि वे इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़कर शासन की इस अभिनव पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।




































































































