अम्बिकापुर 01 मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिले में सुशासन तिहार 2026 के तहत गांव-गांव, द्वार द्वार सुशासन की सरकार पहुंच रही है जोकि 10 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में आज अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बरकेला क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 25 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और अपनी मांग एवं शिकायतों के लेकर 494 आवेदन दिए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा 454 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया। शेष आवेदनों को जांच पश्चात् आवेदकों को निराकरण की सूचना दी जाएगी।
प्रशासन आपके द्वार 27 विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, मत्स्य सहित कुल 27 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा उपस्थित नागरिकों को शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी देते हुए योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया। वहीं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कई मांगों का मौके पर निराकरण करते हुए हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।
हितग्राहियों को किया गया सामाग्री वितरण
जनसमस्या निवारण शिविर में जनप्रतिनिधियों द्वारा छात्रों को जाति प्रमाण पत्र, हितग्राहियों को जॉब कार्ड, स्वीकृत पेंशन, आयुष्मान कार्ड,राशन कार्ड, ऋण पुस्तिकाएं, प्रधानमंत्री सम्मान निधि, बिजली बिल छूट एवं सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। साथ ही महिला समूहों को आजीविका संवर्धन हेतु सीआईएफ (CIF) राशि जारी की गई। इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
कलेक्टर ने किया स्टॉल का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
कलेक्टर श्री अजीत वसंत एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल शिविर में शामिल हुए और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक लोगों की मांग एवं शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
ग्रामीणों से सीधा संवाद और मौके पर निराकरण
कलेक्टर श्री वसंत ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी मांगे एवं समस्याएं सुनीं। उन्होंने कई मांगों का मौके पर निराकरण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा प्राप्त शिकायतों पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

वहीं कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सुशासन तिहार जिले में प्रारंभ हो चुका है और इसके माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविर का अधिक से अधिक लाभ लें। प्राप्त मांग एवं शिकायतों का विधिवत संधारण कर उनका परीक्षण किया जाएगा तथा जो प्रकरण स्थानीय स्तर पर निराकरण योग्य होंगे, उनका शीघ्र निराकरण किया जाएगा। शेष प्रकरणों को राज्य स्तर पर प्रेषित किया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने ग्राम पंचायतों में संचालित आंगनवाड़ी, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराएं, जिससे समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन आमजन के द्वार तक पहुंच रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपनी समस्याएं खुलकर रखने की अपील करते हुए अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव ने कहा कि राज्य शासन द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से प्रत्येक व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से इस अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया।
जनसमस्या निवारण शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दिव्या सिंह सिसौदिया, श्रीमती पायल सिंह तोमर, श्रीमती अनिमा केरकेट्टा, जनपद अध्यक्ष श्री विक्रम सोनपाकर, जनपद सदस्यगण ,सरपंचगण सहित एसडीएम श्री बनसिंह नेताम, जनपद सीईओ श्री राजेश सेंगर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित हुए।








































































































