सूरजपुर/06 मई 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य में 01 मई से 30 मई 2026 तक संचालित मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य जिले में व्यवस्थित रूप से जारी है। इस महत्वपूर्ण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं और विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
जिले में कुल 16 चार्ज अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जिनमें ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 9 तहसीलदार – सूरजपुर, लटोरी, भैयाथान, ओड़गी, बिहारपुर, भटगांव, रामानुजनगर, प्रेमनगर एवं प्रतापपुर – तथा शहरी क्षेत्रों के लिए 7 मुख्य नगरपालिका अधिकारी – नगर पालिका परिषद सूरजपुर एवं नगर पंचायत विश्रामपुर, शिवनंदनपुर, भटगांव, प्रेमनगर, प्रतापपुर और जरही – शामिल हैं।
मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य घर-घर जाकर किया जा रहा है। इसके लिए जिले में 1433 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक तैयार किए गए हैं। कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने हेतु 1550 प्रगणक (रिजर्व सहित) और 269 पर्यवेक्षक (रिजर्व सहित) नियुक्त किए गए हैं। इन सभी को प्रशिक्षित करने के लिए 33 फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति कर 3 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया है।
यह पूरा कार्य भारत सरकार द्वारा विकसित मोबाइल एप के माध्यम से किया जा रहा है। सभी प्रगणकों एवं चार्ज अधिकारियों के मोबाइल में एप डाउनलोड कराकर फील्ड में कार्य प्रारंभ करवा दिया गया है। साथ ही प्रगणकों को जनगणना किट (सभी आवश्यक सामग्री) उपलब्ध कराई गई है।
जागरूकता बढ़ाने के लिए शहरी क्षेत्रों में नगरीय निकायों के ऑटो-टिपर में माइक के माध्यम से प्रचार किया जा रहा है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवार, दीवार लेखन एवं समाचार पत्रों के जरिए लोगों तक जानकारी पहुंचाई जा रही है। इसके अतिरिक्त 13 मई से 15 मई 2026 तक जनगणना कार्य निदेशालय, रायपुर से एलईडी वैन के माध्यम से हाट-बाजार, ग्राम पंचायत सभाओं, मेलों, बड़े स्कूलों और प्रार्थना स्थलों पर नुक्कड़ नाटक कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
जिले में मकानसूचीकरण एवं गणना का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहा है और इसे पूर्ण करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और सही जानकारी प्रदान कर सहयोग करें, ताकि भविष्य की योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।





































































































