सूरजपुर/12 मई 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभागवार लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन शिकायत, मुख्यमंत्री जन चौपाल, पीएमओ पोर्टल एवं कलेक्टर कार्यालय को प्राप्त जन शिकायतों, जनसमस्याओं एवं मांगों की जांच कर त्वरित निराकरण करने के निर्देश जिला अधिकारियों को दिए।
बैठक में न्यायालयीन मामलों, योजनाओं की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि समस्त समय-सीमा पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों के जवाब लंबित हैं उनमें तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल संसाधन, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, जिला योजना तथा आपदा प्रबंधन सहित अन्य विभागों के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समन्वय आवश्यक है तथा आमजन से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए।
सुशासन तिहार 2026 के संदर्भ में कलेक्टर श्रीमती जमील ने समाधान शिविरों के सुचारू संचालन, प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण तथा हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित एवं समयबद्ध ढंग से निराकरण सुनिश्चित करना है। शिविरों में प्राप्त समस्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सुशासन तिहार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ शिविरों में पूरी तत्परता से सेवाएं उपलब्ध कराएं।
इसके साथ ही बैठक में धान के उठाव व आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए खाद-बीज की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को लेकर अद्यतन जानकारी ली गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्रों से शेष धान का उठाव शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा खरीफ सीजन हेतु किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
पीएम आवास योजना-ग्रामीण की विस्तृत समीक्षा:-
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जनपद पंचायत ओड़गी, प्रेमनगर एवं भैयाथान में अधिक संख्या में लंबित आवासों तथा धीमी प्रगति वाले ग्राम पंचायतों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को छत उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, अतः फील्ड स्तर पर सतत मॉनिटरिंग कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण कराया जाए।
बैठक में डीएफओ श्री डी.पी. साहू, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विजेन्द्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर श्री जगन्नाथ वर्मा, सर्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





































































































