अंबिकापुर 02 फरवरी 2026/ विकासखण्ड अंबिकापुर के ग्राम कोल्डीहा में बुधवार 4 फरवरी 2026 को पंचायत भवन परिसर में पशुधन विकास विभाग द्वारा विकासखण्ड स्तरीय पशु मेला उत्सव प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। उपसंचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं ने बताया कि मेले का उद्देश्य पशुपालकों को उन्नत पशुपालन तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराना तथा बेहतर नस्लों के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देना है।
मेले में उन्नत नस्ल के पशुओं एवं पक्षियों की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उत्कृष्ट पशु प्रस्तुत करने वाले पशुपालकों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कृषकों को पशुपालन से संबंधित नवीन तकनीकों, पोषण प्रबंधन एवं रोग नियंत्रण के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पशु चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें पशुओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं टीकाकरण किया जाएगा। इससे क्षेत्र के पशुपालकों को सीधे लाभ मिलेगा।
मेले की प्रभारी डॉ. ज्योति साहू ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती पायल सिंह तोमर एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री विकन सोनपाकर करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि स्थायी समिति की सभापति श्रीमती शोभा मानिकपुरी, जनपद सदस्य श्रीमती असिता कुजुर तथा ग्राम पंचायत कोल्डीहा, ठाकुरपुर, बकिरमा एवं बांकीपुर के सरपंचगण उपस्थित रहेंगे।
डॉ. ज्योति साहू ने क्षेत्र के कृषक पशुपालकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में शामिल होकर पशु चिकित्सा सेवाओं, तकनीकी मार्गदर्शन तथा प्रदर्शनी-प्रतियोगिता का लाभ उठाएं और अपने पशुओं के साथ सहभागिता सुनिश्चित करें।








































































































