सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां महज 5 रुपये के गुटखे के लिए एक बेटे ने अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गुटखा खरीदने के लिए मांगे थे 5 रुपये
जानकारी के अनुसार, मामला डभरा थाना क्षेत्र के भेड़िकोना गांव का है। आरोपी लखन माली (25 वर्ष) अपनी पत्नी और मां तिहारिन बाई के साथ रहता था। 14 जून की रात खाना खाने के बाद उसने गुटखा खरीदने के लिए मां से 5 रुपये मांगे।
मां ने पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपी आगबबूला हो गया। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई।
पत्थर से किया ताबड़तोड़ हमला
गुस्से में बेकाबू हुए लखन माली ने पहले अपनी मां के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद उसने पत्थर उठाकर तिहारिन बाई के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला को परिवार के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दबोचा, पूछताछ में कबूला जुर्म
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने गुटखा लेने के लिए 5 रुपये मांगे थे, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर गुस्से में आकर मां पर हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।








































































































