अंबिकापुर 27 दिसंबर 2025/ सरगुजा जिला में खरीफ विपणन वर्ष अंतर्गत धान उपार्जन कार्य सुव्यवस्थित एवं पारदर्शिता से संचालित किया जा रहा है। प्रशासन की सतत निगरानी एवं डिजिटल व्यवस्थाओं की वजह से धान खरीदी और उठाव की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
जिला खाद्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक कुल 12,64,694.8 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं 58,890 क्विंटल धान का उठाव भी सफलतापूर्वक किया गया है, जिससे उपार्जन केन्द्रों पर भंडारण की व्यवस्था संतुलित बनी हुई है। जिले में धान उपार्जन के लिए कुल 60,330 किसानों का पंजीयन किया गया है, जिनमें से अब तक 22,439 किसान धान विक्रय कर चुके हैं। बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी यह दर्शाती है कि जिले में जारी धान खरीदी व्यवस्था पर किसानों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

इसके साथ ही किसानों द्वारा रकबा समर्पण की प्रक्रिया भी पारदर्शी रूप से संचालित की जा रही है। जिले में 4,938 किसानों द्वारा रकबा समर्पण किया गया है, जिसके अंतर्गत कुल 226.41 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया गया है। यह प्रक्रिया वास्तविक उत्पादन के अनुरूप खरीदी सुनिश्चित करने तथा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है।
जिला प्रशासन द्वारा धान उपार्जन केन्द्रों पर किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। टोकन प्रणाली, समयबद्ध भुगतान, नमी परीक्षण, बारदाना की उपलब्धता एवं पेयजलद-बैठक जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। शासन के मंशानुरूप यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र किसान को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय का पूरा लाभ मिले और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, सरल एवं भरोसेमंद बनी रहे।
शराब, धूम्रपान या किसी भी तरह का नशा सेहत के लिए हानिकारक है।
तांडव लाइव नशे को किसी भी रूप में प्रोमोट नहीं करता है।








































































































