अंबिकापुर 31 दिसंबर 2025/ प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण जरुरतमंद परिवारों के सपनों को साकार कर रही है, अम्बिकापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत परसा के रहने वाले श्री दिल भरन राजवाड़े वर्षों से खेती-बाड़ी एवं मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं। उनके परिवार में दो बेटे, दो बहुएं तथा लगभग 2 नाती-पोते शामिल हैं। वर्तमान में उनका आठ सदस्यीय परिवार एक साथ प्रधानमंत्री आवास में निवास करता है।
आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण श्री राजवाड़े का परिवार लंबे समय तक सीमित सुविधाओं में रहने को मजबूर था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत पक्के आवास ने उनके जीवन में बड़ा बदलाव ला दिया है। योजना के माध्यम से उनका दो कमरों का पक्का मकान बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है।
नया पक्का घर मिलने से अब परिवार को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक आवास की सुविधा उपलब्ध हो गई है। बरसात, ठंड और गर्मी के मौसम में होने वाली परेशानियों से भी उन्हें राहत मिली है। श्री दिल भरन राजवाड़े ने बताया कि पक्का घर बनना उनके लिए एक सपने के साकार होने जैसा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के साथ-साथ जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना वास्तव में गरीब और श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बना रही है।








































































































