रायगढ़ न्यूज | छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में स्थित कोयला खदान में चल रहे आंदोलन के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक महिला आरक्षक के साथ अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया था। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
27 दिसंबर को तमनार कोयला खदान क्षेत्र में आंदोलन को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने ड्यूटी पर मौजूद महिला आरक्षक के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया।
त्वरित कार्रवाई, आरोपी हिरासत में
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों का जूतों का माला पहना कर जुलूस भी निकाला, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन का सख्त संदेश
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के नाम पर कानून-व्यवस्था भंग करने या महिला पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में बताया गया है।
शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों और आंदोलनकारियों से शांति बनाए रखने, कानून का पालन करने और किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है।








































































































