सूरजपुर/20 जनवरी 2026/ सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत ठाकुर ने सड़क सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक ली। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आरटीओ अधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यपालन अभियंता को निर्देशित किया कि कोल एरिया में कोयला वाहनों की आवाजाही पर समयानुसार आवश्यक प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सड़कों पर डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, स्पीड ब्रेकर की समुचित व्यवस्था, अव्यवस्थित वाहन पार्किंग पर नियंत्रण तथा बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान निर्देशित किया गया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
इस बैठक में अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।









































































































