अंबिकापुर 09 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आज ग्रामीण आवास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), जनमन आवास योजना तथा मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 32,195 आवासों में से 18,262 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष अपूर्ण आवासों को माहवार लक्ष्य के अनुसार शीघ्र पूर्ण कराया जाए। साथ ही 5,487 अप्रारंभ आवासों को तत्काल प्रारंभ कर समय-सीमा में पूर्ण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनमन आवास योजना की समीक्षा में बताया गया कि स्वीकृत 2,565 आवासों में से 1,371 आवास पूर्ण हो चुके हैं। शेष आवासों में से 524 को 31 मार्च 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विशेष रूप से जनपद पंचायत मैनपाट, बतौली, सीतापुर एवं लखनपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को जनमन आवासों की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत भी प्रगति की समीक्षा की गई। योजना के तहत जनपद पंचायत अम्बिकापुर में 48, बतौली में 18, लखनपुर में 111, मैनपाट में 37, सीतापुर में 23 तथा उदयपुर में 44, कुल 471 आवासों को 31 मार्च 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनांतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही पीएम आवास योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग की जाए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








































































































