अम्बिकापुर 30 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ के विमानन मानचित्र पर एक नया गौरवशाली अध्याय जोड़ते हुए अम्बिकापुर (दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट) से दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। वहीं अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक साक्षी बने।
ऐतिहासिक उपलब्धि और सुगम आवागमन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में इस दिन को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हवाई सेवाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। दरिमा एयरपोर्ट से महानगरों के लिए विमान सेवा की लंबे समय से की जा रही मांग आज पूरी हुई है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री किंजरापु राममोहन नायडू का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा के प्रारंभ होने से अंबिकापुर, बिलासपुर, दिल्ली और कोलकाता के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आवागमन सुगम बनेगा। अंबिकापुर से दिल्ली तथा कोलकाता के लिए सप्ताह में दो-दो दिन उड़ान संचालित होगी, जिससे सरगुजा एवं बिलासपुर क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इन उड़ानों के शुरू होने से अंबिकापुर, बिलासपुर, दिल्ली और कोलकाता के बीच कनेक्टिविटी बेहद मजबूत होगी। सप्ताह में दो-दो दिन इन सेवाओं के संचालन से सरगुजा और बिलासपुर संभाग के नागरिकों को अब सीधे देश की राजधानी और पूर्वी भारत के प्रमुख महानगर कोलकाता तक पहुंचने में आसानी होगी।
आर्थिक और औद्योगिक विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार “विकसित छत्तीसगढ़” के लक्ष्य की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है, जो विकसित भारत के अनुरूप है। हवाई सेवाओं का विस्तार इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत प्रदेश को लगातार लाभ मिल रहा है। हाल ही में रायपुर से रीवा के लिए भी विमान सेवा शुरू की गई है।
एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि पिछले बजट में रायपुर एयरपोर्ट के विस्तार हेतु 39.80 करोड़ रुपये तथा जगदलपुर एवं दरिमा एयरपोर्ट के विकास हेतु 7.45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वर्तमान बजट में “सीजी वायु योजना” के तहत 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे बिलासपुर, जगदलपुर एवं अंबिकापुर में हवाई सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में बिलासपुर एयरपोर्ट को ऑल वेदर ऑपरेशन की सुविधा मिली है और नाइट लैंडिंग और टेकऑफ़ की शुरुआत भी की गई है, जो राज्य के एविएशन सेक्टर की बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एविएशन सेक्टर राज्य के आर्थिक विकास और निवेश आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद प्रदेश को लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। विभिन्न शहरों में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से निवेशकों में छत्तीसगढ़ के प्रति उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य अब कृषि और मैन्यूफैक्चरिंग के साथ-साथ पर्यटन, फार्मा, टेक्सटाइल, आईटी एवं शिक्षा जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसमें हवाई सेवाओं का विस्तार नई गति प्रदान करेगा। अंत में उन्होंने अम्बिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए विमान सेवा प्रारंभ होने पर सरगुजा वासियों,प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
हवाई कनेक्टिविटी से समय की बचत और विकास को मिलेगी रफ्तार
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने इस ऐतिहासिक क्षण के अवसर पर बधाई देते हुए कहा कि अब अम्बिकापुर से सीधे दिल्ली एवं कोलकाता पहुंचने में सुविधा प्राप्त होगी तथा हवाई कनेक्टिविटी से कम समय में हम आसानी से पहुंच जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, उड्डयन मंत्री एवं मुख्य मंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार प्रकट किया।
संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बहु प्रतीक्षित हवाई सेवा दिल्ली एवं कोलकाता के लिए प्रारंभ हो गई है यह अंबिकापुर एवं सरगुजा संभाग के लोगों के लिए खुशी की बात है। उन्होंने सरगुजा वासियों की तरफ से केंद्रीय नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।
सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली एवं कोलकाता के लिए हवाई सेवा आज से प्रारंभ हो गई है। हवाई सेवा प्रारंभ होने से व्यापार, पर्यटन एवं अन्य क्षेत्रों में लाभ मिलेगा। वह स्वयं आज अंबिकापुर से दिल्ली के लिए यात्रा कर हवाई सेवा की साक्षी बने। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उड्डयन मंत्री एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार प्रकट किया।
लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हवाई सेवा अम्बिकापुर से प्रारंभ होना हमारे लिए गौरव की बात है इससे कनेक्टिविटी बढ़ेगी एवं दिल्ली कोलकाता जाने में सुविधा होगी तथा पर्यटन एवं व्यापार सहित अन्य क्षेत्रों में लाभ मिलेगा।
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि हवाई सेवा का प्रारंभ होना जिले के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। आज से अम्बिकापुर दरिमा से हवाई सेवा प्रारंभ हो गई है जो गौरव की बात है इससे अम्बिकापुर सहित संभाग के लोगों को दिल्ली एवं कोलकाता पहुंचने में सुविधा मिलेगी तथा पर्यटन, संस्कृति एवं व्यापार के क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सरगुजा संभागायुक्त श्री नरेन्द्र दुग्गा, आईजी श्री दीपक झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।
एलायंस एयर का फ्लाइट शेड्यूल (सप्ताह में 4 दिन)
विमानन कंपनी एलायंस एयर द्वारा इन उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट पर प्रारंभ हो चुकी है।
दिल्ली रूट (सोमवार और बुधवार)
सोमवार (फ्लाइट नं. 91613) दिल्ली से बिलासपुर होते हुए सुबह 11ः35 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। वापसी में दोपहर 12ः00 बजे अम्बिकापुर से सीधे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। बुधवार (फ्लाइट नं. 91614) दिल्ली से सुबह 10ः25 बजे अम्बिकापुर आगमन और दोपहर 12ः00 बजे बिलासपुर होते हुए दिल्ली प्रस्थान करेगी।
कोलकाता रूट (गुरुवार और शनिवार)
शनिवार (फ्लाइट नं. 91763) कोलकाता से बिलासपुर होते हुए सुबह 10ः00 बजे अम्बिकापुर आगमन और 10ः25 बजे सीधे कोलकाता प्रस्थान करेगी। गुरुवार (फ्लाइट नं. 91765) कोलकाता से सुबह 08ः50 बजे अम्बिकापुर आगमन और 09ः15 बजे बिलासपुर होते हुए कोलकाता प्रस्थान करेगी।








































































































