सूरजपुर/03 फरवरी 2026/ शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी बिहारपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा शिविर संध्या के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बढ़ती नशाखोरी के दुष्प्रभावों से आम जनता को अवगत कराना एवं नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रभावशाली अभिनय द्वारा नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान को दर्शाया। इस जागरूकता नाटक में नायिका एम्बेसडर छात्रा रवीना साहू एवं एम्बेसडर छात्र शिवम तिवारी के साथ आशुतोष वेश, बृजेश यादव, अंकित पांडे, प्रेमा जायसवाल, आरती जायसवाल, विद्यावती सिंह, दीपिका सिंह, सरोज, राजकुमारी, राम केवल वेश, देवेंद्र, सीमा यादव, आरयोगी, देव कुंवर, दिव्या, दीपक सहित अन्य विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जग प्रसाद सिंह एवं भगवंत गुर्जर उपस्थित रहे। महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी श्री धीरेंद्र कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में थारपाथर ग्राम पंचायत के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमुदाय ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसे आयोजनों को अत्यंत उपयोगी बताया।








































































































