अम्बिकापुर 13 मार्च 2026/ समाज कल्याण विभाग, सरगुजा के तत्वावधान में आज जनपद पंचायत अंबिकापुर परिसर में दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना था। शिविर के दौरान कुल 113 दिव्यांगजनों ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यू.डी.आई.डी.) कार्ड के लिए अपना पंजीकरण कराया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को आवेदन फार्म भी उपलब्ध कराए गए। शिविर में ऐसे दिव्यांगजन जिन्हें ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र सहित अन्य सहायक उपकरणों की आवश्यकता है, उनका स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम द्वारा परीक्षण किया गया। पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शीघ्र ही आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग सरगुजा के उप संचालक श्री वी.के. उके, जनपद पंचायत अंबिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजेश सेंगर सहित स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम उपस्थित रही। अधिकारियों ने शिविर में आए दिव्यांगजनों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।









































































































