अम्बिकापुर 25 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आज नगर पालिक निगम अंबिकापुर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माणाधीन विकास कार्यों, सड़क डामरीकरण और स्वच्छता केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने और परियोजनाओं को जनहित में शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सड़क डामरीकरण और साइड शोल्डर निर्माण
कलेक्टर ने अपने भ्रमण की शुरुआत शिवधारी कॉलोनी में चल रहे सड़क डामरीकरण कार्य के अवलोकन से की। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता को परखते हुए निर्देश दिए कि सड़क के दोनों ओर व्यवस्थित ’साइड शोल्डर’ का निर्माण अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि यातायात सुगम और सुरक्षित हो सके।
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) और जल पुनरुपयोग
शहर के जल शोधन तंत्र को मजबूत करने के लिए शंकर घाट (16 MLD) एवं सैनिटरी पार्क ((14 MLD) में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि STP के पूर्ण होने के पश्चात प्राप्त होने वाले उपचारित जल (Treated Water) के पुनरुपयोग हेतु अभी से एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। जिससे आमजनों को इसका लाभ मिले।
जलागार निर्माण से दूर होगा जल संकट
पुराने बस स्टैंड डिपो परिसर में 10 लाख लीटर क्षमता के निर्माणाधीन उच्च स्तरीय जलागार (पानी टंकी) के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रस्तावित वितरण क्षेत्र की समीक्षा की। इस पानी टंकी के पूर्ण होने से शहर के जल संकट ग्रस्त क्षेत्रों जैसे राम मंदिर एरिया, ब्रह्मपारा, कुंडला सिटी और केंद्रीय जेल क्षेत्र में जल प्रदाय की व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
स्वच्छता मॉडलः SLRM और डिजिटल वेस्ट मैनेजमेंट
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा हेतु कलेक्टर श्री वसंत डीसी रोड स्थित SLRM केंद्र पहुंचे। वहां उन्होंने स्वच्छता दीदियों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, प्रोसेसिंग और यूजर चार्ज वसूली के संबंध में जानकारी ली। साथ ही स्वच्छता दीदीयों की नियमित स्वास्थ्य जांच और हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वसंत ने प्लास्टिक प्रोसेसिंग भिट्ठीकला स्थित प्लांट में प्लास्टिक दाना निर्माण और नॉन-रिसाइक्लेबल प्लास्टिक को सीमेंट प्लांट भेजने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने वेस्ट मैनेजमेंट की संपूर्ण प्रक्रिया को डिजिटाइजेशन करने और इसके लिए एक ’कमांड कंट्रोल सेंटर’ बनाने हेतु तत्काल DPR तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप, निगम के कार्यपालन अभियंता सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









































































































